संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जिला शिमला के अंतर्गत स्वास्थ्य खंड टिक्कर में लोगों को टीबी जन भागीदारी अभियान के तहत जागरूक किया गया। खंड स्वास्थ्य अधिकारी डा राहुल रांटा ने कार्यक्रम की शुरुआत 25 फरवरी को टिक्कर से की है। अभियान का समापन 12 मार्च को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों को नुक्कड़ नाटक, प्रशिक्षण, जन सहभागिता के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। पूरे स्वास्थ्य खंड में क्षय रोग के रोगियों की तलाश का अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि खंड टिक्कर में इस रोग से संबंधित आम जन को जानकारी के साथ जागरूक किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज से इस रोग को मिटाना और बीमारी के साथ किए जाने वाले भेदभाव को खत्म करना है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करके प्रदेश को क्षय रोग मुक्त बनाने में हिस्सा बनें।