संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। लोकसभा चुनाव में हर मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चौपाल विधानसभा क्षेत्र में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा के निर्देशानुसार विभिन्न क्षेत्रों में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खगना में स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तहसील कल्याण अधिकारी चौपाल आशा तोमर ने सघन मतदाता जागरुकता एवं पंजीकरण अभियान के तहत लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने जागरुकता रैली निकाली। विद्यार्थियों को मतदान संबंधी शपथ भी दिलाई। उन्होंने लोगो से अपील की कि सजग मतदाता बनते हुए अपना वर्तमान और भविष्य मतदान के माध्यम से संवारे। बिना किसी भय, पक्षपात और जाति धर्म से ऊपर उठकर सजगता से मतदान करें। आशा तोमर ने मतदान की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र में यदि हम चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं लेते हैं तो देश में कल्याणकारी कार्य एवं कानून व्यवस्था पर विपरीत असर होता है। इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि हम सभी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव में बढ़चढ़कर लेना चाहिए।