संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। संजीवनी सहारा समिति के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट संजीवनी सीजन-3 स्पर्धा का खिताब झड़ग टीम के नाम रहा। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित पंचायत स्तरीय स्पर्धा में क्षेत्र की 48 टीमों ने भाग लिया। स्पर्धा के समापन समारोह में आढ़त एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्की काल्टा ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होकर पारितोषिक वितरण किया। उनके साथ एसोसिएशन के महासचिव यशवंत नागटा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल मुकाबला झड़ग और राेहड़ू की टीम के बीच खेला गया। इसमें झड़ग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवरों में चार विकेट खोकर 95 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राेहड़ू की टीम चार विकेट खोकर 81 रन ही बना सकी। झड़ग की टीम ने मैच को 14 रनों से जीतकर खिताब पर कब्जा किया। झड़ग टीम के यशपाल चौहान को फाइनल मैच का मैन आफ दी मैच चुना गया। स्पर्धा का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी झड़ग टीम के मोनू को चुना गया। श्रेष्ठ बल्लेबाज विपुल चोपड़ा (रोहड़ू), श्रेष्ठ गेंदबाज पंकज(झड़ग), श्रेष्ठ विकेट कीपर पंकु चौहान (झड़ग), श्रेष्ठ फिल्डर मोहित (झड़ग), श्रेष्ठ आलरांउडर आदर्श (सुंधा) को दिया गया। संजीवनी सहारा समिति के अध्यक्ष गोपाल चौहान ने बताया कि पहली बार अपर शिमला में लेदर की गेंद से लीग स्तर पर मैच करवाए गए। रात को फल्ड लाइट की रोशनी में भी मैच हुए। 19 दिनों तक इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में स्पर्धा आयोजित हुई। समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ है। उन्होंने बताया कि स्पर्धा से एकत्र हुई धनराशि को समिति की ओर से जरूरतमंद परिवारों की सहायता पर खर्च की जाएगी।