मदर टेरेसा सदन बना ओवरऑल विजेता, प्रियांशु बेस्ट एथलीट चुने
दत्तनगर स्कूल में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में मदर टेरेसा सदन को ओवरऑल विजेता के खिताब से नवाजा गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों का आयोजन गया। प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्य यशपाल ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। शनिवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले गए। मार्च पास्ट में रविंद्रनाथ टेगौर ने पहला, मदर टेरेसा सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। खेल प्रभारी चेतन शर्मा ने बताया कि वॉलीबाल छात्र वर्ग में मदर टेरेसा सदन और छात्रा वर्ग में मदर टेरेसा सदन विजय रहा। कबड्डी छात्र वर्ग में मदर टेरेसा और छात्रा वर्ग में सीबी रमन सदन प्रथम रहा। बैडमिंटन में मदर टेरेसा प्रथम और आर्यन सदन द्वितीय स्थान पर रहा। रस्साकशी में छात्र एवं छात्रा वर्ग में मदर टेरेसा सदन प्रथम रहे। एथलेटिक्स 100 मीटर में प्रियांशु ने पहला और आदित्य ने दूसरा स्थान, छात्रा वर्ग में युक्ति प्रथम और पुष्पा द्वितीय रही। 800 मीटर दौड़ में शुभम ने बाजी मारी। अंडर-14 में 100 मीटर में आशीष और आशिया प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में आशीष और आयुष विजय रहे। शॉटपुट में आशीष, स्पून रेस में शगुन, लांगजंप और बैडमिंटन में आयुष, छात्रा वर्ग में ईशिता प्रथम रहीं। प्रियांशु ने बेस्ट एथलीट का खिताब अपने नाम किया। मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर नवाजा। इस मौके पर विनोद मेहता, देवेंद्र लक्टू, बृजलाल ठाकुर, चेतन शर्मा, सीमा सोनी, असीम, विनोद नेगी और दिनेश चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।