संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश क्षेत्र के सिरिगढ़ स्पोर्ट्स क्लब दलाश के सौजन्य से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब मस्त बॉयज के नाम रहा। प्रतियोगिता के के अंतिम दिन फाइनल मुकाबला एके 47 और मस्त बॉयज मोगरा के बीच हुआ। इसमें एके 47 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। मस्त बॉयज मोगरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एके 47 को 129 रनों का लक्ष्य दिया लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए एके 47 की पूरी टीम 68 रन बनाकर ही आलआउट हो गई। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब विक्की के नाम रहा। प्रतियोगिता के श्रेष्ठ गेंदबाज किशोरी, श्रेष्ठ बल्लेबाज रोहित, श्रेष्ठ विकेट कीपर गौरव, श्रेष्ठ क्षेत्र रक्षक राहुल क्रिकेट अकादमी आनी, इमर्जिंग प्लेयर लावनेश और मैन ऑफ द सीरीज मस्त बॉयज मोगरा के खिलाड़ी विक्की रहे। विजेता टीम मस्त बॉयज मोगरा को 1,11,111 रुपये का चेक और ट्रॉफी और रनरअप टीम एके-47 को 55,555 रुपये का चेक सहित ट्रॉफी दी गई। क्लब के अध्यक्ष दुष्यंत परमार ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यातिथि के तौर पर ग्राम पंचायत डिंगीधार के उपप्रधान संजीत ठाकुर और एफ पीओ के चेयरमैन प्रताप ठाकुर मौजूद रहे। इसके साथ ही खुशीराम चौहान, विद्या सागर परमार, वीर सिंह, राजीव ठाकुर, संदेश शर्मा, आकाश ठाकुर, प्रकाश और अजय विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।