रक्षम में नौ दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश नेगी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की सांगला वैली की रक्षम पंचायत में रविवार से स्व. राजकुमार मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। शिवसेवा युवक मंडल रक्षम की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किन्नौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश नेगी ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन रक्षम-11 और केवाईसी छितकुल के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रक्षम की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 79 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी छितकुल की टीम ने सात ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि उमेश नेगी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण स्तर पर छुपी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। साथ ही नशे से दूर रहने में खेल गतिविधियां अहम भूमिका निभाती हैं। युवक मंडल अध्यक्ष अक्षय नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर से 50 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 77,777 रुपये नकद और ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम को 33,333 रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। तृतीय स्थान पाने वाली टीम को 11,111 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर विशेष अतिथि किनफेड अध्यक्ष चंद्रगोपाल नेगी, कोऑपरेटिव बैंक निदेशक पितांबर दास नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम कुमार नेगी, प्रधान रक्षम सुशील नेगी, शंकर देवी नेगी, मीना कुमारी नेगी, युवक मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक नेगी, सचिव राजदीप नेगी, सोमराज नेगी, अभिषेक नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।