रोहडू। शीलघाट में 47वीं बुशैहर कप ओपन क्रिकेट कप प्रतियोगिता आरंभ हो गई है। स्पर्धा का शुभारंभ जिला परिषद टिक्कर वार्ड सदस्य भारती जनारथा ने किया। खास यह है कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को इस बार डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ ही चांदी की ट्रॉफी भी मिलेगी। स्पर्धा का पहला मैच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शील और फ्रैंड्स-11 की टीम के बीच खेला गया।
इसमें वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शील विजेता बना। नव युवक मंडल शील के अध्यक्ष चमन चौहान ने बताया कि स्पर्धा का आयोजन बीते 47 वर्षाें से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार विजेता के अलावा उपविजेता टीम को 75,000 रुपये का राशि दी जाएगी। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार रखे गए हैं। इस अवसर पर शील पंचायत प्रधान ईश्वर भोल्टा, उपप्रधान बालकृष्ण दुल्टा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।