सूबे के निचले क्षेत्रों में दिनभर बारिश का दौर रहा जारी, कड़ाके की ठंड होने से घरों में दुबके रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मौसम में आए बदलाव के बाद रामपुर उपमंडल में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार सुबह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा वहीं निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। इसके कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इससे लोग दिनभर घरों में दुबके रहे। दोपहर के समय नारकंडा में भी बर्फबारी शुरू हुई। हालांकि ताजा बर्फबारी से यातायात प्रभावित नहीं हुआ। रामपुर से शिमला की ओर पथ परिवहन निगम की बसों की आवाजाही एनएच पांच नारकंडा से हो रही है। वहीं रामपुर उपमंडल के श्राईकोटी माता मंदिर, चिकसा, सुंगरी, काशापाट, 15/20 के किन्फी सहित ऊंचे क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी रिकाॅर्ड की गई है। इसके अलावा दिनभर मध्यम और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। पथ परिवहन निगम रामपुर के क्षेत्रीय अधिकारी अतुल गुप्ता ने कहा कि शनिवार को रामपुर से शिमला के लिए एनएच पांच नारकंडा होकर बसों की आवाजाही जारी रही। वहीं सभी ग्रामीण रूटों पर भी बसों को भेजा जा रहा है। हल्की बर्फबारी और बारिश से यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है।