प्रसव के लिए स्वास्थ्य अनुरक्षण के तहत प्रदान की वित्तीय सहायता राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर एचपीएस के सौजन्य से एसजेवीएन की सीएसआर नीति के तहत परियोजना प्रभावित पंचायतों की महिलाओं के विकास एवं स्वास्थ्य अनुरक्षण के लिए विविध कार्यक्रम और योजनाएं चलाई जा रही हैं। निगम की एसजेवीएन रजत जयंती महिला एवं बाल विकास योजना के तहत बीपीएल परिवारों महिलाओं औरर उनके शिशुओं के लिए प्रसव पूर्व और उपरांत स्वास्थ्य अनुरक्षण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसके तहत विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस ने सम्मेलन कक्ष बायल में आयोजित कार्यक्रम में बाड़ी, गडेज, पोशना, बहावा और तुनन पंचायतो के गांवों की बीपीएल परिवारों से संबंध में रखने वाली महिलाओं को पूरक पोषक आहार सामग्री (ड्राई फ्रूट) के गिफ्ट पैक प्रदान किए। इसके अतिरिक्त 10,000 रुपये की राशि (प्रत्येक महिला) के खाते में ऑनलाइन जमा की गई। परियोजना प्रमुख ने कहा कि एसजेवीएन की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गीता कपूर और निदेशक मंडल के निर्देशों के अनुसार महिलाओं को उनके जीवन के अहम पड़ाव में स्वास्थ्य अनुरक्षण प्रदान कर उन्हें उनके शिशुओं का भविष्य सुरक्षित करने में सहयोग दिया जा रहा है। इस योजना से अभी तक बीपीएल परिवारों की 116 महिलाएं लाभ उठा चुकी हैं। इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष और सीएसआर विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।