सुबह पेश आई घटना, बाजार में मची अफरा-तफरी, कंबल, गद्दे और साइकिल और अन्य सामान जला
सड़क के किनारे खड़ी कार को पहुंचा नुकसान, कारणों का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर शहर के साथ सटे डकोलढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दुकान में आग भड़क गई। अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। वहीं दुकान के सामने खड़ी एक कार को भी आग से नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब पांच बजे डकोलढ़ स्टेट बैंक के समीप एक दुकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय आसपास और दुकान के ऊपर रहने वाले लोग सोए थे। दुकान से निकलते धुएं को जब वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने देखा तो उसने दुकान के ऊपर रह रहे लोगों को इसकी सूचना दी। जैसे ही आग लगने की सूचना आसपास के लोगों को मिली तो वहां अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास तेज किए। यह दुकान बीडीएम हैंडलूम के नाम से चल रही थी। दुकान मालिक सोनू ने बताया कि दुकान में लाखों रुपये के कंबल, गद्दे, साइकिल समेत अन्य महंगा सामान रखा था, जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। आग इतनी भयंकर थी कि ऊपरी दो मंजिलें भी धुएं से काली हो गई है। दुकान में भड़की आग से सडक़ पर खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन विभाग की समय रहते हुई कार्रवाई से ऊपरी मंजिल में रखे सामान को जलने से बचाया गया। अग्निशमन विभाग रामपुर के अधिकारी केशव गौतम ने बताया कि उन्हें सुबह 4:55 बजे आग लगने की सूचना मिली और मौके पर तुरंत अग्निशमन वाहन भेजे गए। कड़ी मशक्कत के बाद दुकान में लगी आग पर काबू पाया गया। तहसीलदार रामपुर जयचंद ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर कानूनगो और पटवारी को भेजा गया। प्रशासन की ओर से घटना में 12 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। प्रभावित दुकानदार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है। राहत मेनुअल के मुताबिक प्रभावित को उचित मुआवजा दिया जाएगा।