युवा महोत्सव ग्रुप थियेटर के तीसरे दिन वन एक्ट प्ले और स्किट स्पर्धाएं हुईं आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा में आयोजित युवा महोत्सव ग्रुप-5 थियेटर के तीसरे दिन रविवार को भी रोमांच का दौर बना रहा। रविवार को वन एक्ट प्ले और स्किट प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसमें कलाकारों ने अपनी कहानियों और कला के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। सीमा कॉलेज के कलाकारों ने हैमलेट नाटक का मंचन किया। यह कहानी हिंसा से उत्पन्न घृणा के कुटिल भावों और उसके दुखद अंत को उजागर करती है। युवा महोत्सव के दूसरे संकाय में स्किट का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों ने भाग लिया। इसमें भी युवाओं ने अपनी साहित्यिक और वाणिज्यिक कलाओं का प्रदर्शन किया। युवा महोत्सव के हास्य नाटिका संकाय में राजकीय महाविद्यालय सीमा द्वारा प्रस्तुत हास्य नाटिका में समाज में नारी सशक्तिकरण पर हास्यप्रद तरीके संदेश दिया गया। युवा महोत्सव में राजकीय संजौली महाविद्यालय शिमला, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला, घुमारवी काॅलेज, कोटशेरा काॅलेज, नाहन काॅलेज, बिलासपुर काॅलेज , हमीरपुर काॅलेज, कुल्लू काॅलेज, कंडाघाट काॅलेज, मंडी काॅलेज, सोलन काॅलेज, धर्मशाला सहित 21 महाविद्यालयों के कलाकारों ने कला का प्रदर्शन किया।