सराज उत्सव मेला कमेटी ने बैठक में तैयार की रूपरेखा, महिलाएं आउटर सराज की नाटी डालकर मचाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। दो नवंबर से चार नवंबर तक आयोजित होने जा रहे सराज उत्सव के आयोजन को लेकर सराज उत्सव कमेटी आनी की बैठक विश्राम गृह में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्रकांत मिश्रा ने की। मेला कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि शमशरी महादेव के सानिध्य में आयोजित होने वाले सराज उत्सव में देवता पनेउई नाग और कुलक्षेत्र महादेव भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि दो से चार नवंबर को आयोजित उत्सव में प्राइड ऑफ नाटी मुख्य आकर्षण रहेगा। तीन नवंबर को क्षेत्र के महिला मंडलों की महिलाएं प्राचीन और पारंपरिक वेशभूषा में आउटर सराज की नाटी डालकर उत्सव में चार चांद लगाएंगी। इसमें हिमाचली गायक एसएमएस च्वासी बॉयज संजय ठाकुर और श्याम ठाकुर के साथ लोक गायिका रोशनी शर्मा धमाल प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम में एंकर की भूमिका ललित शर्मा निभाएंगे। दंगल प्रतियोगिता इस बार अखिल भारतीय स्तर की करवाई जाएगी। इसमें देशभर के नामी पहलवान भाग लेंगे। दो और तीन नवंबर को रात्रि सांस्कृतिक संध्या के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें दो नवंबर की रात्रि सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा जबकि रात्रि सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली नाटी किंग विक्की चौहान धमाल मचाएंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय कलाकार भी धमाल मचाएंगे। तीन नवंबर को सराज उत्सव के दौरान लोक शोभा एनजीओ स्वास्थ्य चेकअप निशुल्क शिविर का आयोजन करेंगे। स्थानीय महिला मंडल और स्कूली छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। वहीं महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। समापन अवसर पर चार नवंबर को दंगल प्रतियोगिता होगी। बैठक में कमेटी अध्यक्ष उपेंद्र कांत मिश्रा, उपाध्यक्ष संतोष ठाकुर, महासचिव शिवराज शर्मा, सचिव महेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष सत्यापाल ठाकुर, संचालन समिति प्रभारी सतपाल ठाकुर कुकू, धनीराम ठाकुर, नवल ठाकुर, ललित, किशोरी लाल, देवराज, बॉबी ठाकुर, उर्मिला ठाकुर, उपप्रधान प्रताप ठाकुर डीम, कपिल, बंसीलाल, रमेश ठाकुर, नवनीत शर्मा, तारा चंद ठाकुर, हुकम चंद, देवेंद्र ठाकुर, ओम प्रकाश फौजी, बहादुर सिंह, एलआर अग्रवाल मेला कमेटी सदस्य उपस्थित थे।