मकर संक्रांति पर देवी-देवताओं के दर्शन के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रविवार को पौष माह की समाप्ति और मकर संक्रांति के दिन देवी-देवता एक माह के स्वर्ग प्रवास पर जाना शुरु हो गए हैं। रविवार को क्षेत्र के मंदिरों में इस अवसर पर विशेश पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। इसके साथ ही देवी-देवताओं को विदाई दी गई। अब एक माह तक मंदिरों में धार्मिक आयोजन प्रतिबंधित रहेंगे। मान्यता के अनुसार हर वर्ष मकर संक्रांति को देवी-देवता स्वर्ग प्रवास पर चले जाते हैं। इंद्र देव की सभा में हाजिरी लगाकर देवी-देवता एक माह के बाद धरती पर लौटेंगे। इसके बाद वे गुरों के माध्यम से साल भर घटित होने वाली घटनाओं की भविष्यवाणी भी करेंगे। इंद्र देव की सभा के दौरान देवी-देवता अपने-अपने क्षेत्रों और गांव के लिए आशीर्वाद लेकर आएंगे। रविवार को संक्रांति पर्व पर मंदिरों में पूजा अर्चना हुई। ग्रामीण ने अपने-अपने गांव में स्थित मंदिरों में हलवा, पुरी और अन्य मिठाइयां बनाकर देवताओं को भोग लगाया। ढाडी गांव में काली माता के गुर राकेश मेहता ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन सभी देवी-देवता स्वर्ग प्रवास पर चले गए हैं।