रोहड़ू के लंबाखाटल का मामला, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस थाना रोहड़ू के तहत लंबाखाटल में भीमाकाली ट्रस्ट की भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने और भूमि बेचने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार भरत सिंह निवासी गांव जगोठी तहसील रोहड़ू जिला शिमला भीमा काली के ट्रस्टी के शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप है कि रोहड़ू के लंबाखाटल के पास स्थित खसरा नंबर 1244 और 1247 की भूमि का मालिक भीमाकाली ट्रस्ट है। भीमा काली ट्रस्ट की भूमि के इस खसरा नंबर को एक व्यक्ति अपनी मलकीयत भूमि बता रहा है। शिकायत में आरोप है कि भीमा काली ट्रस्ट की भूमि का अनुचित लाभ लेने के लिए आरोपी शपथपत्र के माध्यम से भूमि को आगे बेचकर ट्रस्ट को हानि पहुंचा रहा है। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।