रोहड़ू। विकास खंड कार्यालय रोहड़ू में बीते पांच माह से खंड विकास अधिकारी का पद रिक्त चल रहा है। इसको देखते हुए ब्लाॅक का अतिरिक्त कार्यभार खंड विकास अधिकारी चिड़गांव को सौंपा गया है। चिड़गांव खंड विकास अधिकारी के पास पहले से ही 32 ग्राम पंचायतों का बोझ है। ऐसे में रोहड़ की 30 से अधिक ग्राम पंचायतों का बोझ संभालना बीडीओ चिड़गांव के लिए कठिन हो रहा है।
आलम यह है कि चिड़गांव से खंड विकास अधिकारी सप्ताह में एक या दो दिन के लिए राेहड़ू कार्यालय में आ पाते हैं। रोहडू ब्लाॅक में खंड विकास अधिकारी नहीं होने से ग्राम पंचायतों का कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। ग्राम पंचायत बाड़ीधार के प्रधान सुधीर चौहान, भलाड़ा ग्राम पंचायत प्रधान प्रभा देवी, करालश ग्राम पंचायत के प्रधान बृजेश सिंह ने कहा कि इस संबंध में जल्द प्रदेश के मुख्यमंत्री को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जाएगा, कि किस तरह से ग्राम पंचायत में मनरेगा और अन्य कई प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत चल रहे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अगर ये योजनाएं समय पर क्रियान्वित नहीं हुई तो इसमें आने वाला पैसा भी लैप्स होगा। इसमें पंचायत प्रधान की जवाबदेही होगी। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में इन दिनों पैदल रास्ते के निर्माण का कार्य चल रहा है। इसमें से कई रास्तों के कार्य अभी भी खंड विकास अधिकारी नहीं होने के कारण शुरू नहीं हो पाए रहे है। उन्होंने मांग उठाई कि राेहड़ू ब्लाॅक में खंड विकास अधिकारी की नियुक्ति की जाए।