रामपुर बुशहर। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से रामपुर उपमंडल में नदी-नाले उफान पर हैं। इससे क्षेत्र के अधिकतर ग्रामीण रूट यातायात के लिए अवरूद्ध हो गए हैं। रविवार को भारी बरिश के कारण एचआरटीसी के 19 रूटों पर बसों की आवाजाही ठप हो गई है। भारी बरसात से मार्ग अवरूद्ध होने के कारण पांच स्थानों पर एचआरटीसी की बसें फंस गई हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग बाधित सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने में जुटा है। गौर हो कि बीते दो दिन से हो रही लगातार बारिश से कई ग्रामीण सड़कें अवरूद्ध हो गई हैं।
रामपुर उपमंडल की तकलेच-रोहडृू सड़क बाल्टीधार में डंगा ढहने से वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गई है। वहीं शरण में भी भूस्खलन के कारण बसों की आवाजाही ठप हैं। ऐसे में रामपुर से रोहडू वाया भद्राश होकर यात्रियों को ट्रांसमिट कर भेजा जा रहा है। इसके अलावा उपमंडल के 12/20 और 15/20 क्षेत्र की कई सड़कें अवरूद्ध होने से निगम की बसें फंस गई है। क्षेत्र के दरकाली, जघोरी, किन्फी, खरगा और नागाधार में बारिश के कारण सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस कारण इन रूटों पर एचआरटीसी की बसें फंस गई हैं। वहीं उपमंडल के 19 रूटों पर निगम की बस सेवाएं रविवार को प्रभावित रही। रामपुर से मंडी वाया करसोग मार्ग और कुल्लू जिला मुख्यालय को चलने वाली बस सेवाएं भी बंद हैं। कुल मिलाकर रामपुर और आनी उपमंडल के कुल 40 रूट रविवार को प्रभावित हुए हैं। निगम ने संभावित स्थानों तक ही बसों की आवाजाही करवाई। वहीं जिन सड़कों पर भारी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहां से बसों को वापस बुलाया जा रहा है। अगर बारिश का सिलसिला यूं ही चलता रहा तो सोमवार को भी अधिकतर रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही नहीं हो पाएगी। लगातार हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। परिवहन निगम रामपुर डिपो के अड्डा प्रभारी स्वरूप दिवान ने कहा कि रविवार को 19 रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही ठप रही, जबकि पांच रूटों पर सड़कें बाधित होने के कारण निगम की बसें फंस गई है।