22 को रामलीला क्लब निकालेगा झांकी, सर्वहितकारी व्यापार मंडल बांटेगा दो सौ किलोग्राम लड्डू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर सभी सनातनियों में हर्ष का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रामपुर शहर भी रामरस में डूब गया है। 22 जनवरी को लेकर विभिन्न संगठनों और संस्थाओं द्वारा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रामलीला क्लब जहां शहर में भगवान श्रीराम की झांकी निकाली जाएगी, वहीं शहर के सर्वहितकारी व्यापार मंडल करीब दो सौ किलोग्राम लड्डू बांटेगा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रामपुर शहरवासियों में भी खासा उल्लास है। 22 जनवरी को रामलीला क्लब रामपुर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की विशेष झांकी निकाली जाएगी। क्लब के सदस्यों ने शनिवार को बैठककर यह निर्णय लिया। सदस्यों ने कहा कि रामपुर में बीते कई वर्षों से रामलीला का मंचन होता आ रहा है और भगवान श्रीराम से क्षेत्र के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है, तो रामपुर भी इस धार्मिक अनुष्ठान से अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि 22 को रामपुर के पुराने बस अड्डे से लेकर मुख्य बाजार तक झांकी निकाली जाएगी। बैठक में अभिषेक गुप्ता, राहुल चड्डा, राघव सोनी, सिद्धार्थ शर्मा, वंश मित्तल, कौल, क्षितिज शर्मा, हैरी, सन्नी और मोहित सहित अन्य मौजूद रहे। अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रामपुर बुशहर के सबसे बड़े व्यापार मंडल सर्वहितकारी व्यापार मंडल दो सौ किलोग्राम लड्डू बांटेगा। सर्वहितकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष तन्मय शर्मा ने बताया कि 22 जनवरी को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद डकोलढ़ से लेकर खनेरी तक रामपुर के सभी वार्डों के दुकानदारों और लोगों को प्रसाद स्वरूप लड्डू का वितरण किया जाएगा।