प्रशासन ने काटे व्यापारियों को दिए बिजली और पानी के कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर अंतरराष्ट्रीय लवी मेला मैदान में सजा मेला सोमवार को समाप्त हो गया है। मेला कमेटी ने व्यापारियों को मेला समेटने के लिए 25 दिसंबर की तारीख तय की थी, जो सोमवार को समाप्त हो गई। तय अवधि पूर्ण होते ही मेले में आए व्यापारी सामान बटोरने में जुट गए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से व्यापारियों को दिए गए बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए हैं। अगर अब भी कोई व्यापारी सामान नहीं हटाता है तो उस पर पुलिस और नगर परिषद कार्रवाई अमल में जाएगी। गौर हो कि 11 नवंबर से रामपुर में अंतरराष्ट्रीय मेला शुरू हुआ था। प्रशासनिक तौर पर जहां यह व्यापारिक मेला 14 को समाप्त हुआ, वहीं मेले में कारोबार काफी देरी से शुरू हुआ। इस कारण मेले को इतनी लंबी अवधि तक सजाया गया। व्यापारियों की मांग पर मेले की अवधि भी बढ़ाई गई जिससे उन्हें नुकसान न उठाना पड़े। हालांकि रामपुर के व्यापारियों द्वारा मेले को कई दिन पहले समाप्त करने की मांग उठाई गई थी लेकिन मेले में आए व्यापारियों की मांग के चलते मेला कमेटी ने 25 दिसंबर तक मेला सजाने की अनुमति दी। सोमवार को मेला पूर्ण रूप से संपन्न हो गया है और अब व्यापारी सामान समेटने में जुट गए हैं। बिजली और पानी कटते ही व्यापारी वापस जाना शुरू हो गए हैं। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को सामान समेटने के निर्देश दिए हैं।