अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन पर लोक निर्माण मंत्री ने की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आपदा से काफी नुकसान हुआ है, लेकिन आपदा से उबरने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। रामपुर बुशहर की प्रदेश में एक अलग पहचान है। यह बात लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 सड़कों की स्वीकृति केंद्र सरकार से मिली है। अगले महीने 15 दिसंबर से इनका काम शुरू कर दिया जाएगा। विधायक प्राथमिक से विधायक रामपुर ने भी नाबार्ड से 6 सड़कों को रखा है, जो 130 करोड़ रुपये से रामपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के विकास पर खर्च किया जाएगा। इसके अलावा अन्य रुके कार्य जो पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के समय जिन कार्यों की नींव रखी गई थी, उन कार्यों को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। ननखड़ी में जल्द निर्माणाधीन कॉलेज भवन का कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले भाजपा सरकार ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास को लेकर जो गति देना था, लेकिन नहीं दे पाए अब उसे जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यूरी में जो कॉलेज बनना था, भाजपा सरकार ने उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब कांग्रेस सरकार जल्द ज्यूरी कॉलेज का काम शुरू करेगी। इससे पहले मंत्री विक्रमादित्य सिंह और सांसद प्रतिभा ने रामपुर मेला मैदान में व्यापारियों से मिले और उनके साथ बातचीत की। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह और सांसद प्रतिभा ने सरसों के साग और मक्की की रोटी भी खाई। इस दौरान व्यापारियों ने भी उनका स्वागत किया।