संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। जिला कांगड़ा के बैजनाथ में तीन से छह नवंबर तक आयोजित अंतर जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में उपमंडल चौपाल के पुंदर क्षेत्र के माटल क्यार निवासी बादल पुत्र जगदीश कटाईक ने दमदार प्रदर्शन करके स्वर्ण पदक जीता है। उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। बादल वर्तमान में पंवार कराटे अकादमी नेरवा में कराटे की बारीकियां सीख रहा है। इसके अलावा शिमला के हरसुल पाल सिंह ने भी जिला शिमला की झोली में एक स्वर्ण पदक डाला। जिला स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बादल का चयन दिल्लीं में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। बादल की इस उपलब्धि पर पुंदर सहित पूरे उपमंडल चौपाल में खुशी की लहर है। ऑल इंडिया गोज़ू रियो कराटे एसोसिएशन के महासचिव एवं पंवार कराटे अकादमी के संचालक सिहान प्रताप पंवार, कराटे एसोसिएशन चौपाल, नेरवा के प्रधान आशीष भिख्टा, कराटे कोच सेंसई शक्ति कुमार, सेंसई के डी जिंटा एवं सुधीर हरजेट ने बादल की इस उपलब्धि पर बधाई दी है।