न्यूनतम वेतन से कम एरियर और जूता वर्दी नहीं मिलने पर रोष किया प्रकट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस ठेका मजदूर यूनियन संबंधित सीटू ने खनेरी में न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किए गए वेतन के एरियर और जूता वर्दी न मिलने पर अस्पताल के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, यूनियन अध्यक्ष सुनामणि और सचिव आशा ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा खुलेआम श्रम कानूनों की उलंघन की जा रही है। अस्पताल में सफाई का काम करने वाले मजदूरों को अप्रैल 2023 से 31 जुलाई 2023 तक न्यूनतम वेतन से कम वेतन का भुगतान किया गया है। इसको लेकर यूनियन ने 5 सिंतबर 2023 को बाकायदा अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार को लिखित पत्र दिया गया है, जिस पर न तो अस्पताल प्रबंधन और न ही ठेकेदार के द्वारा कोई पहल नहीं की। अक्टूबर माह खत्म होने वाला है पर मज़दूरों को जूता वर्दी अभी तक नहीं मिला है। यूनियन ने प्रबंधन को चेताया कि अगर मजदूरों की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो आने वाले समय में यूनियन कामबंदी करते हुए उग्र आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार की होगी। संवाद