कहा, शिक्षा मंत्री होते हुए भी टिक्कर काॅलेज भवन के लिए बजट नहीं दे सके रोहित ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। सरकार को खतरे में देख शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आनन-फानन में आधे अधूरे भवनों का उद्घाटन कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने टिक्कर में अधूरे आईटीआई भवन का उद्घाटन किया है जबकि टिक्कर में आईटीआई भवन दिवंगत नेता नरेंद्र बरागटा की देन है। यह बात भाजपा मंडल जुब्बल-नावर-कोटखाई के पदाधिकारियों ने कही। मंडल महामंत्री मनमोहन कपालटा, मंडल उपाध्यक्ष लेखराज, सचिव सुनील शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोती लाल, मनमोहन संगरोली, आत्मा राम, राकेश संगरेल, धर्मेंद्र तेजटा, कबीर,अनुपम चौहान और वीरेंद्र ने कहा कि टिक्कर आईटीआई भवन के लिए भूमि और बजट का प्रावधान पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा ने किया था। भवन का निर्माण भी भाजपा कार्यकाल में शुरू हो गया था। भवन अभी बनकर तैयार नहीं हुआ है। इससे पहले ही शिक्षा मंत्री ने सरकार को खतरे में देख अधूरे भवन का ही उद्घाटन कर दिया। हिमाचल में कांग्रेस को सत्ता में आए 14 माह का समय हो गया है लेकिन विस क्षेत्र में कोई भी नया विकास कार्य शुरू नहीं किया गया है। पूर्व भाजपा सरकार में हो रहे विकास कार्यों का श्रेय लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।