शलाटी घोड़ी क्षेत्र के लोग लंबे समय से उठा रहे थे मांग, ग्रामीणों ने जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रामपुर विस के दौरे के दौरान शलाटी घोड़ी की भड़ावली पंचायत को आईटीआई की सौगात मिली है। लंबे समय से चल रही मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। सराहन में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने भड़ावली पंचायत में आईटीआई खोलने की घोषणा की है। भड़ावली पंचायत के पूर्व प्रधान देवेंद्र चौहान ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह और सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। लोग लंबे समय भड़ावली पंचायत में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने की मांग कर रहे थे। आईटीआई खुलने से भड़ावली पंचायत सहित आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों छात्र और छात्राओं को घरद्वार पर तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने का लाभ मिलेगा। आईटीआई की सुविधा न होने के कारण विद्यार्थियों को अभी तक कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा था। इससे खासकर गरीब तबके के युवाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब भड़ावली पंचायत में आईटीआई की घोषणा होने से आने वाले समय में विद्यार्थियों को घरद्वार पर ही तकनीकी शिक्षा में पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। आईटीआई को खोलने के लिए जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी, बीडीसी सदस्य सुदेश कौशल, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर और तारा राणा के भी प्रयास रहे है। आईटीआई की घोषणा होने पर देवेंद्र चौहान, बलवीर चौहान, महावीर चौहान, हरदयाल चौहान, मोहर सिंह, विजय राज, लोलक, तिलकेश्वर कायथ, प्रताप चौहान, टेक सिंह, प्रेमराज, लेखराज, प्रीतम सिंह, तिलक राज और कुशल राणा सहित कई अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू, लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह और वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल का आभार जताया है।