सोलन में रेलवे लाइन टनल में दो बच्चों की जान बचाते हुए युवक ने गंवाए अपने दोनों पैर
प्रदेश पेंशनर कल्याण एसोसिएशन ने एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। प्रदेश पेंशनर कल्याण एसोसिएशन ने दो बच्चियों की जिंदगी बचाते हुए अपने पैर गंवाने वाले रितिक को प्रधानमंत्री जीवन रक्षा पदक देने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रितिक ने अपनी जिंदगी खतरे में डालकर दो मासूम बच्चों की जान बचाकर अति सराहनीय कार्य किया है। उसके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्होंने केंद्र सरकार से उन्हें प्रधानमंत्री जीवन रक्षा पदक दिलाने की मांग की है। प्रदेश पेंशनर कल्याण एसोसिएशन के सयुंक्त सचिव रविंद्र चंदेल और संघ के अध्यक्ष सुरेश चौहान ने इस संबंध मे एक ज्ञापन उपमंडल अधिकारी (ना) चौपाल के माध्यम से भेजा। जानकारी के अनुसार आठ अप्रैल को जब दो बच्चे सोलन में रेलवे लाइन टनल के बीच से गुजर रहे थे, ठीक उसी समय तेज रफ्तार से ट्रेन पटरी पर आ गई। इस दौरान पास खड़े रितिक ने देखा कि सामने से ट्रेन आ रही है और दोनों बच्चे इसकी चपेट में आ जाएंगे। युवक ने मुस्तैदी और बहादुरी के साथ अपनी जिंदगी की परवाह न करते हुए छलांग लगाकर दोनों मासूम बच्चों (अनन्या 8 वर्ष और दीक्षा 12 वर्ष) को ट्रेन के नीचे आने से बचा लिया लेकिन दुर्भाग्यवश युवक के दोनों पैर ट्रेन के नीचे आ गए। इसके परिणामस्वरूप उसके दोनों पैरों को गवां दिया है। युवक पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है।