छात्राओं ने गौर से सुना प्रधानमंत्री मोदी का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देशवासियों से संवाद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिये देश के लोगों तक पहुंचते हैं। इसी कड़ी में परीक्षा से पूर्व भी प्रधानमंत्री छात्रों से संवाद कर महत्वपूर्ण जानकारी और तनावमुक्ति के गुर सिखाते हैं। इसका छात्र-छात्राओं को काफी लाभ मिल रहा है। इसके तहत सोमवार को आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित हुआ। कन्या स्कूल की छात्राओं ने प्रधानमंत्री से परीक्षा के समय होने वाले तनाव से दूर रहने के टिप्स सीखे। राजकीय कन्या उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में सोमवार को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। कन्या स्कूल की बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व दसवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। छात्राओं ने टेलीविजन के माध्यम से सीधा प्रसारण कार्यक्रम को देखा और सुना। इस दौरान देशभर के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछे। प्रधानमंत्री ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी सुझाव दिए और उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में अच्छे अंकों के साथ-साथ तनाव मुक्त रहना अति आवश्यक है, जिससे सभी छात्रों को अच्छे अंक लाने में सहायता मिलती है। कन्या स्कूल की प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने बताया कि परीक्षा पर चर्चा एक हटकर विषय है। इसमें प्रसारण के माध्यम से छात्रों के साथ अध्यापकों को भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों को परीक्षा की तैयारियां करने में लाभ मिलता है और छात्र मानसिक तनाव से दूर होते हैं। बोर्ड के छात्रों को परीक्षा की चिंता अधिक होती है। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों से छात्रों को परीक्षा की तैयारियां करने और मानसिक तनाव से दूर रहने में मदद मिलेगी।