गौरा चौक के साथ देर रात शौच करने बाहर निकला था बिहार से पहुंचा व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में सजे अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में व्यापार के लिए पहुंचे एक व्यापारी की ढांक में गिरने से मौत हो गई है। शुक्रवार देर रात बिहार से पहुंचा कारोबारी गौरा चौक में नेशनल हाईवे पांच से सतलुज के किनारे जा गिरा, इसी दौरान वह असंतुलित होकर गिर गया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक व्यापारी बिंदेस्वरी (40) निवासी गांव लगावल, बिहार अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर गौरा चौक के पास दो स्टॉल किराये पर लिए थे। देर रात जब वह अपने स्टॉल से शौच के लिए बाहर निकला और असंतुलित होकर नेशनल हाईवे पांच से सतलुज किनारे जा गिरा। काफी देर तक जब वह वापस नहीं पहुंचा तो उसके साथ सोये अन्य व्यापारी ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद उसने इसकी सूचना अन्य व्यापारियों को दी। व्यापारी वर्ग एक जगह पर इकट्ठक हुए और उसकी तलाश में जुट गए। उन्होंने इस घटना के बारे में पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और व्यापारी की तलाश में जुट गया। इस दौरान व्यापारी सतलुज के किनारे मिला। पुलिस और व्यापारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन और मेला कमेटी को दी। एसडीएम निशांत तोमर ने मौके पर टीम को भेजकर मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है। व्यापारियों के प्रधान अब्दुल सलाम ने बताया कि शव को ले जाने के लिए 45,000 रुपये की राशि एकत्रित की गई है। डीएसपी रामपुर शिवानी मैहला ने बताया कि लवी मेले में आए व्यापारी की ढांक में गिरकर मौत हो गई है। खनेरी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।