सात दिवसीय शिविर में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे स्वयंसेवी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दोफदा में सात दिवसीय एनएसएस शिविर वीरवार से शुरू हो गया है। शिविर में स्वयंसेवी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे और क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाल कर स्वच्छता की अलख जगाएंगे। शिविर का शुभारंभ त्रिलोक चंद शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य सुनील कुमार एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मनीषा मेहता, सुशील कुमार, स्थानीय स्टाफ और विद्यार्थियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने वंदे मातरम और एनएसएस गीत से शिविर का आगाज किया। एनएसएस प्रभारी सुशील कुमार ने शिविर के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर मुख्यातिथि और अन्य लोगों को अवगत करवाया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने और शिविर के दौरान होने वाली गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।