संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन और एचपीएस 412 मेगावाट बायल में सोमवार को सुरक्षा दिवस पर छह दिवसीय राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया।राष्ट्रीय सुरक्षा झंडा फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों ने सुरक्षा की शपथ ली। इस दौरान सीआईएसएफ ने आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग लाए जाने वाले उपकरणों के बारे में जानकारी दी। झाकड़ी में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक वित्त एवं लेखा विवेक भटनागर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। परियोजना प्रमुख मनोज कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा एवं परियोजना की सुरक्षा के लिए समय-समय पर अनेक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। वहीं, बायल में परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक रामपुर एचपीएस विकास मारवाह ने कहा कि रामपुर एचएचपीएस के विद्युत गृह और सभी कार्य स्थलों पर सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि चार से 10 मार्च को परियोजना प्रभावित पंचायतों के स्कूलों में औद्योगिक सुरक्षा, गृह सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा से संबंधित जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान स्कूलों में विभिन्न चित्रकला, भाषण और लघु नाटक सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। - संवाद