उठाऊ पेयजल योजना की लिफ्ट खराब होने से बढ़ी दिक्कत, पेयजल स्रोत सूखने के कगार पर
गर्मियों की दस्तक के साथ ही पेयजल के लिए मचने लगा हाहाकार, स्थायी समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की देहरा पंचायत के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में गर्मियों शुरू होते ही पेयजल संकट गहरा गया है। हालत यह है कि क्षेत्र में पांचवें दिन पानी की आपूर्ति हो रही है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि गांव को पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाने वाला स्रोत सूखने के कगार पर हैं। इससे उठाऊ पेयजल योजना हांफ गई है। पानी की किल्लत की मुख्य वजह कुर्पण खड्ड उठाऊ पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति न होना है। योजना की लंबे समय से लिफ्ट खराब है। पेयजल संकट को लेकर जलशक्ति विभाग नित्थर की कार्यप्रणाली पर लोगों ने रोष प्रकट किया है। लोगों का कहना है कि पानी की समस्या से निपटने के लिए विभाग के पास कोई योजना नहीं है। इसका खामियाजा नित्थर की जनता को हर वर्ष झेलना पड़ रहा है। समस्या का स्थायी समाधान करने में विभाग नाकाम साबित हो रहा है। स्थानीय निवासी संजीव, प्रेम, राम सिंह, पुरुषोत्तम और नितिन का कहना है कि हर बार ग्रामीणों को गर्मियों में पानी के लिए तरसना पड़ता है। मजबूरी में लोग गर्मियों के मौसम में पानी खरीद कर गुजारा करते हैं। वहीं नित्थर की आबादी बाहर से आने वालों कर्मचारियों से लेकर शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों की वजह से दिनप्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में समस्या गंंभीर हो रही है। अगर ऐसे ही हालत रहे तो आने वाले दिनों में समस्या विकराल रूप धारण कर सकती है। लोगों ने प्रशासन और विभाग से पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है, जिससे लोगों को पेजयल किल्लत से निजात मिल सके।
इनसेट
गर्मियों का मौसम जल्दी आने से पानी के स्रोत अभी से ही सूखने के कगार पर हैं। कुर्पण खड्ड उठाऊ पेयजल योजना की लिफ्ट एक-दो दिन में ठीक हो जाएगी।
प्रकाश भारद्वाज, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग नित्थर