आईटीआई निरमंड में हिमाचल उपभोक्ता सरंक्षण परिषद ने लगाया एक दिवसीय जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद शिमला ने मंगलवार को आईटीआई निरमंड में प्रशिक्षुओं और ग्रामीणों को अनजान फोन कॉल और टावर लगाने के नाम पर हो रही ठगी के बारे में जागरूक किया। भारतीय दूर संचार विनियामक प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित जागरूकता शिविर में परिषद ने लोगों को इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड में मंगलवार को उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आईटीआई प्रशिक्षुओं और स्थानीय लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह धीमान ने टेलीफोन उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया। वहीं उन्होंने वर्तमान समय में हो रही ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि अगर किसी टेलीफोन कंपनी का उनके क्षेत्र में कार्य ठीक नहीं है, तो वह कैसे अपना नंबर दूसरी कंपनी में ट्राई की एमएनपी सुविधा का प्रयोग कर बिना नंबर बदले कर सकते हैं। टावर लगाने के नाम पर ठगी हो रही है, जिससे सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम से बचने का सीधा उपाय है कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी से भी साझा न करें। परिषद के उपाध्यक्ष जीतराम शर्मा ने प्रतिभागियों के बतौर उपभोक्ता प्रतिनिधि खरीदारी करते समय रखी जाने वाली सावधानियां की जानकारी दी और बाट और माप मैप नियम के विषय में सतर्क रहने के टिप्स दिए। इस मौके पर वित्त सचिव अनोखी राम वर्मा, टेलीकॉम कंपनियों के अधिकारी और अन्य मौजूद रहे।
- संवाद