रामपुर बुशहर। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण जहां कई अनमोल जानें चलीं गईं। वहीं कई लोगों के घर जमींदोज हो गए हैं। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में हजारों सेब के पौधों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। वहीं भारी बारिश से खनेरी में वीरवार को भी एनएच धंसता रहा।
एनएच धंसने से यहां पर हादसे का खतरा बढ़ गया है। हाल ही में रामपुर उपमंडल के नोगली में भी एनएच के टूटे हिस्से से एक कार सतलुज नदी में गिर गई थी। इसमें चार लोग लापता हो गए हैं। वहीं वजीर वाबड़ी के समीप भी एनएच का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा भी जगह-जगह एनएच के धंसने का खतरा मंडरा रहा है। भारी बारिश के कारण कई ग्रामीण सड़कों के हालत भी बद से बदतर बने हुए हैं। रामपुर से शिंगला डंसा जाने वाली सड़क जीरो प्वाइंट के समीप पहाड़ी दरकने से बंद है। यहां भी मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है।
आपात स्थिति में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं उपतहसील तकलेच की दरकाली पंचायत को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर सड़क का कई स्थानों पर नामोनिशान तक नहीं है। ऐसे में ग्रामीण खासे परेशान हैं।
आगामी सेब सीजन भी जल्द शुरू होने वाला है लेकिन खस्ताहाल सड़कों से होकर हजारों पेटियां सेब कैसे मंडी तक पहुंचेगा। इसको लेकर बागवान चिंतित हैं। वहीं मार्ग बंद होने से खासकर मरीजों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग ने अभी तक मार्ग को बहाल करने के लिए कोई पहल शुरू नहीं की है। क्षेत्र के लोग सड़क बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
भारी बारिश के कारण सड़कों को खासा नुकसान पहुंचा है। बाधित मार्गों को बहाल करने में मशीनें और मजदूर जुटे हुए हैं। जल्द ही सभी बाधित सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
शोभा राम, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग