रामपुर बुशहर। न्यू नोगली में मंगलवार देर रात पेश आए हादसे में एनएच प्राधिकरण की लापरवाही चार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। हादसा स्थल पर बीते दो दिन से एनएच धंस रहा था। इसके बावजूद नेशनल हाईवे प्राधिकरण, ने यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार के इंतजाम नहीं किए थे।
मौके पर ही बैरिकेड लगाए गए थे न ही चेतावनी बोर्ड, जिससे की यहां से गुजरने वाले चालक सड़क धंसने को लेकर सचेत हो सकें। यही वजह है कि विगत रात्रि यहां से गुजर रही गाड़ी हादसे का शिकार होकर उफनती नदी में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन समेत इसमें सवार किसी भी व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार खड़ाहन पंचायत के लाहड़ू गांव की सुंदला देवी, पत्नी लायक राम की अंगुली कट गई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए रामपुर अस्पताल लाया जा रहा था। मंगलवार रात करीब दस बजे कार में सवार होकर सभी लौट रहे थे लेकिन इसी बीच वे हादसे का शिकार हो गए। अंधेरा होने के कारण चालक को यहां एनएच धंसने का पता नहीं चला, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सतलुज में जा गिरा। यहां सामने ही टायर की दुकान चलाने वाले शख्स ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लेकिन उस समय तक गाड़ी सतलुज में समा चुकी थी।
हैरानी इस बात की है कि नेशनल हाईवे होने के बावजूद मौके पर लोगों को सचेत करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। हादसे में सुंदला देवी (55), उसका बेटा राजीव (30), भतीजा नेहर सिंह (32) और उसकी पत्नी शीतल (28) लापता हैं। हादसे से सुंदला देवी के पति लायक राम और बहु रीना देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर पर अब लायक राम, बहु और एक तीन वर्ष का बेटा ही बचा है, जबकि नेहर सिंह के परिवार में मां और बेटी बचे हैं। हादसे के बाद लाहड़ू गांव में मातम छा गया है।
वहीं हादसा होने के बाद भी एनएच प्राधिकरण ने सुरक्षा के लिहाज से मौके पर कोई संकेतक नहीं लगाए हैं। हालांकि खानापूर्ति के लिए मौके पर एक बोर्ड और पत्थर लगाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया है। हादसे के बाद एनएच प्राधिकरण ने तीन स्थानों पर टूटी सड़क के साथ पत्थर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
हमारी पहली प्राथमिकता एनएच को बहाल करना रहती है, जिस स्थान पर कार हादसा पेश आया है, वहां विभाग ने गाइडिंग स्टोन लगाए थे। हालांकि बरसात के कारण उन पर चूना नहीं लगाया जा सका। एनएच पर जिन स्थानों में डंगे गिरे हैं, वहां बुर्जियां लगा दी गई हैं।
केएल सुमन, अधिशासी अभियंता, नेशनल हाईवे प्राधिकरण