प्रशासन की आंखों के सामने नियमों की उड़ रही धज्जियां, ज्यूरी के समीप लगे हॉट मिक्सर से रात-दिन निकल रहा जहरीला धुआं
कंपनी और ठेकेदार की मनमानी के आगे विभागों ने मूंद ली आंखें
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। देश की सीमा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पांच पर विकास के नाम पर पर्यावरण और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ज्यूरी के साथ नेशनल हाइवे पर टारिंग के कार्य के लिए लगाए गए हॉट मिक्सर प्लांट से रात-दिन जहरीला धुआं निकल रहा है। हैरानी इस बात की है कि एनएच पर सरेआम नियमों की अवहेलना हो रही है लेकिन विभागों के अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। बेलगाम कंपनियां और ठेकेदार धड़ल्ले से प्रदूषण फैलाकर नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं।
वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में असमर्थ साबित हो रहा है। गौर हो कि नेशनल हाइवे पांच पर स्थापित हॉट मिक्सर प्लांट में फिल्टर की कमी के कारण रात-दिन जहरीला धुआं क्षेत्र की हवा में फैल रहा है। इस पर रोक नहीं होने के कारण आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ महीनों से खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं क्षेत्र में सड़क को चौड़ा करने और नई सड़क बनाने के नाम पर भी कंपनी और ठेकेदार सारा मलबा नदी और नालों में फेंक रहे हैं। इस कारण हवा के साथ पानी भी दूषित हो रहा है। ऐसे में नदी नालों में जलीय जीव भी समाप्त हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी क्षेत्र मान सिंह, संजय कुमार, राकेश कुमार, सुंदर लाल, अविनाश, शेर सिंह और प्रदीप का कहना है कि सड़क में टारिंग के लिए लगा हॉट मिक्सर प्लांट रात-दिन जहरीला धुआं छोड़ रहा है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है। वहीं सड़क में कटिंग का मलबा और कूड़ा-कचरा भी हर कहीं फेंका जा रहा है। ऐसे में प्रदूषण तो फैल ही रहा है, साथ-साथ पेड़-पौधे पर भी इसके दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं।
हॉट मिक्सर से निकल रहा प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। इसे जल्द ठीक करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
केसी शर्मा, सहायक अभियंता, नेशनल हाईवे सब डिविजन ज्यूरी
कोट्स
बोर्ड कंपनी को जल्द नोटिस निकालेगी। पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अंजु नेगी, सहायक अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रामपुर