खोपड़ी एनएच बंद होने के कारण लोगों को झेलनी पड़ी परेशानियां, 20 घंटे के बाद बहाल हुआ मार्ग
प्राधिकरण ने एकतरफा खोला एनएच, जल्द पूरी तरह से होगा बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। खोपड़ी में भूस्खलन से नेशनल हाईवे करीब 20 घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस दौरान हजारों लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। हालत यह थी कि एनएच बाधित होने के कारण समेज-वजीर बावड़ी मार्ग पर ट्रैफिक जाम लगने से हजारों लोग घंटों फंसे रहे जबकि शिमला से रामपुर की ओर आने वाली एचआरटीसी बसें घंटों खोपड़ी के समीप फंसी रहीं। सोमवार दोपहर के बाद नेशनल हाईवे पांच बहाल हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद रामपुर से शिमला और चंडीगढ़ की वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि अभी एनएच एक तरफा ही खुला है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही मार्ग को पूरी तरह से बहाल करने के लिए भी वाहनों को रोका जा रहा है। गौर हो कि सोमवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे रामपुर के मां महिषमर्दिनी महालक्ष्मी मंदिर खोपड़ी के समीप अचानक पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी से भारी भूस्खलन के कारण एनएच पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई थी। भूस्खलन प्रभावित इस क्षेत्र में आए दिन पहाड़ी से पत्थर गिरते हैं। इस कारण यहां सफर करना जोखिमों भरा बना हुआ है। हालांकि मार्ग बाधित होने के बाद मौके पर जेसीबी मशीनें मलबा हटाने में लगी थीं लेकिन रात में फिर से भारी भूस्खलन होने के कारण बहाली का कार्य धीमा पड़ गया। मार्ग बाधित होने के कारण शिमला से रामपुर आने वाली बसें कई घंटे तक फंसी रही, जबकि छोटे वाहनों की आवाजाही वाया वजीर बावड़ी ब्रौ और चाटी होकर हुई। इस मार्ग पर छोटे वाहनों की अधिकाधिक आवाजाही से हजारों लोग जाम की समस्या से जूझते रहे। नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह 11:00 बजे एनएच को यातायात के लिए बहाल कर दिया। हालांकि प्राधिकरण ने अब तक मार्ग को एकतरफा ही बहाल किया है, जबकि एनएच से मलबा हटाने का कार्य भी चल रहा है। रामपुर शहर के आसपास भारी बारिश के कारण एनएच पर कई स्थानों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। एनएचएआई रामपुर के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि खोपड़ी में बाधित नेशनल हाईवे पांच को एकतरफा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। सड़क पर पड़े मलबे को हटाने के लिए बीच-बीच में ट्रैफिक रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एनएच को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।