12 साल पहले स्वीकृत हो चुके एनएच-305 पर बजट के लिए फाइनल प्रपोजल भेजेगी प्रदेश सरकार
हरिकृष्ण शर्मा
आनी (कुल्लू)। आनी और बंजार विस क्षेत्र की जनता को लाभान्वित करने वाले एनएच-305 को बजट में केंद्र सरकार से फाइनल बजट के लिए प्रपोजल भेजा जाएगा, जिससे क्षेत्र की हजारों की आबादी को उम्मीदें बंधी हैं। 12 साल पहले स्वीकृत हो चुके एनएच-305 पर बजट के लिए प्रदेश सरकार फाइनल प्रपोजल भेजेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शनिवार को पेश किए गए बजट में 500 करोड़ एनएच और 750 करोड़ टनल पर खर्च करना प्रस्तावित किया है। एनएच के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि एनएच के लिए बन रही फाइनल डीपीआर का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं आनी विस क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार का कहना है कि वे प्रदेश सरकार का सहयोग करेंगे और इस संबंध में मिलकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि डबललेन बनने जा रहे एनएच-305 में 13 पुलों और 19 कार्य शामिल हैं। एनएच बनने से आनी और बंजार विस क्षेत्र की करीब ढाई लाख आबादी को लाभ मिलेगा। एनएच-03 को एनएच-05 से जोड़ने वाला एनएच-305 की अधिसूचना करीब 12 वर्ष पूर्व जारी हो चुकी है जबकि सालों बाद डीपीआर बनाने का टेंडर हो रहा है लेकिन सालों बीत जाने के बावजूद भी अभी तक फाइनल डीपीआर ही स्वीकृत नहीं हो पाई है। शिमला और कुल्लू को आपस में सबसे कम समय में जोड़ने वाला ये नेशनल हाईवे जहां क्षेत्र के युवा पर्यटन कारोबार की दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। वहीं एनएच के बनने से आनी विधानसभा क्षेत्र के लोग अपने जिला मुख्यालय कुल्लू से सालभर जुड़े रहेंगे। इसके साथ ही दूरी और समय भी कम हो सकेगा। नेशनल हाईवे में करीब 6 बाइपास और जलोड़ी जोत के नीचे करीब चार किमी लंबी सुरंग भी बनेगी। इससे जलोड़ी जोत की चढ़ाई के साथ-साथ सर्दियों में पड़ने वाली बर्फबारी से भी लोगों को निजात मिलेगी। 115 किमी लंबे इस नेशनल हाईवे बनने की उम्मीदें जनता सालों से लगाए बैठी है।