पांच सालों में अकादमिक, गैर अकादमिक और खेल गतिविधियों में अव्वल रहने वालों को किया सम्मानित
विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अनुशासन अपनाने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय डिग्री कॉलेज चौपाल में पांच वर्ष बाद 2019 से 2024 सत्र के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें अकादमिक, गैर अकादमिक, खेल, केंद्रीय छात्र संघ के सदस्यों, कॉलेज की वार्षिक पत्रिका के सह संपादक और अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले कुल 242 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया। समारोह में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य निक्का राम चौहान एवं जयलाल लोदटा ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। निक्का राम चौहान ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है, जोकि इंसान के बौद्धिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को बुरी तरह प्रभावित करता है। नशे के दलदल में फंसा व्यक्ति कभी भी उन्नति नहीं कर सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं भी दूर रहें और अन्यों को भी इसके लिए प्रेरित कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन करें। जयलाल लोदटा ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत और लगन से व्यक्ति कठिन से कठिन मंजिल को भी प्राप्त कर लेता है। उन्हों ने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविंद्र चौहान ने कॉलेज की पांच वर्षों की उपलब्धियों का ब्योरा गण्यमान्य व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों के अभिभावकों के समक्ष रखा। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं ।