सुबह छह बजे ही लग गया था श्रद्धालुओं का तांता, पहले नवरात्र के दिन पहुंचे हजारों श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी/रामपुर बुशहर। रामपुर, सराहन और आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में शारदीय नवरात्र पर दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नवरात्र के पहले दिन ही मंदिरों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे। रामपुर उपमंडल के मां भीमाकाली माता मंदिर सराहन, रामपुर के खोपड़ी स्थित महिष मर्दिनी महालक्ष्मी माता मंदिर, 12/20 क्षेत्र स्थित श्राईकोटी माता मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में नवरात्र पर्व पर भक्तों की खासी भीड़ रही। गौर हो कि रविवार से शारदीय नवरात्रों का आगाज हो गया। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र मां भीमाकाली माता मंदिर में सुबह छह बजे से ही माता के भक्त आना शुरू हो गए थे। माता के दर्शन के लिए मंदिर में दिनभर कतारें लगी रहीं। स्थानीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के दूसरे जिलों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। कई घंटों कतार में खड़ा होने के बाद भक्तों ने माता के दर्शन किए। इस दौरान भक्तों ने भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया। सराहन क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था और मंदिर में श्रद्धालुओं की व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। पहले नवरात्र पर मां भीमाकाली सहित मंदिर में स्थापित भगवान श्रीरघुनाथ सभी देवी-देवताओं को नए वस्त्र पहनाए गए। अब अगले नौ दिनों तक मंदिर में पूजा, पाठ और भंडारे का दौर चलेगा। सराहन में नवरात्र पर्व पर मंदिर में मुंडन संस्कार, भंडारे और नए वाहन लेने वाले लोगों की भी खासी संख्या रहती है। न्यास द्वारा भीमाकाली और श्राईकोटी माता मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। यहां नौ दिन तक पूजा-पाठ होगा। इसके अलावा रामपुर के महिष मर्दिर्नी महालक्ष्मी माता मंदिर, निरमंड के अंबिका माता, चंडी माता मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी सैकड़ों श्रद्धालु सुबह से पहुंचना शुरू हो गए थे। दिनभर मंदिरों में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ होता रहा। वहीं सराहन में नवरात्र के दशमी पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीरघुनाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद यहां चार दिवसीय जिला स्तरीय दशहरे पर्व का आगाज होगा। मां भीमाकाली मंदिर न्यास के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां भीमाकाली और श्राईकोटी माता मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। सराहन में पहले दिन 700 से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।