ननखड़ी से घर की ओर जा रहे थे सवार, एक अन्य व्यक्ति को आईं गंभीर चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी के शाकड़ा-बड़ोग सड़क में शुक्रवार रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि एक अन्य घायल है। घायल का उपचार ननखड़ी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ननखड़ी थाना में सूचना मिली कि शाकड़ा-बड़ोग मार्ग पर हादसा पेश आया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। जांच में पता चला कि कार नंबर एचपी-06ए-5140 सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार प्रेम मेहता (52), पुत्र प्रभु दयाल निवासी गांव देवरा, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला की मौत हो गई है। जबकि राकेश मेहता (47) पुत्र सवरन दास निवासी गांव तनाश, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला घायल है। बताया जा रहा है कि दोनों ननखड़ी से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी बीच गाड़ी जैसे ही पुलिस चौकी के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की पुष्टि डीएसपी नरेश शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।