सहायक निर्वाचन अधिकारी राजनीतिक दलों और मीडिया कर्मियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा डाॅ. शशांक गुप्ता ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों के साथ बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर जनजातीय जिला किन्नौर में निर्वाचन विभाग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मतदान प्रतिशतता में बढ़ोतरी दर्ज करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों अनुसार आवश्यक सेवाओं में निर्धारित कर्मियों के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इस संदर्भ में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में लोगों को इस संदर्भ में जागरुक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए फार्म-12 डी भरे जा रहे हैं, जिससे वे घर पर ही मतदान कर सकेंगे। डॉ. शशांक गुप्ता ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं मीडिया कर्मियों से आग्रह किया कि वे स्थानीय लोगों को 1 जून 2024 को मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं के पंजीकरण की तिथि जो 4 मई 2024 निर्धारित की गई है, इसके बारे में भी व्यापक प्रचार प्रसार करें, जिससे स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में सहयोग मिल सके। बैठक में तहसीलदार निर्वाचन जीएस राणा, तहसीलदार कल्पा कंचन ठाकुर, कानूनगो निर्वाचन ताराचंद नेगी, जिला कल्याण अधिकारी बलबीर ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।