संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नागपुर में आयोजित नेशनल मिक्स मार्शल आर्ट प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता का रामपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर रामपुर में आयोजित समारोह में सभी खिलाड़ियों को लोगों ने सिर आंखों पर बैठाया। गौर हो कि नागपुर में 14 और 15 जनवरी 2024 तक नेशनल मिक्स मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें रामपुर के सात खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए। कोच कपिल ने बताया कि एमएमए स्पर्धा में मार्शल खिमटा, महेश, अभ्युदय, सिमरन, विक्रम, भीम चंद ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। सभी खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्ग में प्रतिभा का लोहा मनवाया है और हिमाचल प्रदेश सहित रामपुर का नाम चमकाया है। सभी खिलाड़ी बीस्ट आईटीटी एमएमए अकादमी रामपुर में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। उन्होंने सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके विजेता प्रतिभागियों के परिजन मौजूद रहे।