एसडीएम की अगुवाई में मेला कमेटी ने व्यापारियों को दिए प्लॉट, सबलेटिंग पर पैनी नजर
स्टाॅल सजाने वाले व्यापारियों और कामगारों को लगाए जाएंगे आईकार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। 11 नवंबर से पाटबंगला मैदान में सजने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर मेला कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में सजने वाले स्टॉलों के लिए इन दिनों प्लॉट आवंटन प्रक्रिया चल रही है। बुधवार को प्लॉट आवंटन के दूसरे दिन मेला मैदान में कुल 112 प्लॉट दिए गए। मेला कमेटी द्वारा गठित प्लॉट आवंटन कमेटी प्लॉटों की सबलेटिंग पर पैनी नजर बनाए हुए है। बुधवार को लवी मेला मैदान में विभिन्न राज्यों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए व्यापारियों ने प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में भाग लिया। स्थानीय प्रशासन की देखरेख में व्यापारियों को प्लॉट आवंटित किए गए। आवंटन प्रक्रिया के पहले दिन जहां नेशनल हाईवे पांच पर सजने वाले स्टॉलों के लिए 164 प्लॉट आवंटित किए गए, वहीं दूसरे दिन कुल 112 प्लॉट व्यापारियों को उपलब्ध करवाए गए। प्रशासन द्वारा तहसीलदार ननखड़ी गुरमीत नेगी के अध्यक्षता में गठित कमेटी ने प्लॉट आवंटित किए। मेला कमेटी ने इस वर्ष मेले में होने वाली सबलेटिंग के लिए सख्त निर्णय लिया है। कमेटी ने मेले में स्टॉल सजाने वाले व्यापारियों और उसके पास काम करने वाले कामगारों का आईकार्ड बनाना सुनिश्चित किया है। एक व्यक्ति को दो प्लॉट लेने की ही अनुमति दी है। मेला कमेटी ने स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति स्टॉल की सबलेटिंग करता पाया गया, तो उसके द्वारा जमा की गई राशि जब्त कर दी जाएगी। इसके साथ ही नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्लॉट आवंटन प्रक्रिया 10 नवंबर तक चलेगी, जबकि मेला मैदान में सजने वाले मंच की जगह का आवंटन 14 नवंबर को किया जाएगा। लवी मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम निशांत तोमर ने कहा कि इस बार प्लॉट आवंटन में एक व्यक्ति को दो से अधिक प्लॉट नहीं दिए जा रहे। सबलेटिंग पर पूरी नजर रहेगी। स्टॉल सजाने वाले व्यापारियों और कामगारों को आईकार्ड पहना जरूरी होगा। नियमों की अवहेलना पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।