उपायुक्त ने पोलिंग स्टेशन और हरिपुर के स्ट्रांग रूम का किया दौरा, कर्मचारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी चुनावों को संपन्न करवाने के लिए आयोग के दिशानिर्देशों और तय नियमों का पालन करना सुनिश्चित करें। यह बात उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने आनी में आयोजित चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को संपन्न करवाने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए, जो चुनाव संपन्न करवाने में बाधा उत्पन्न करे। आनी के मेला मैदान में वीरवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए दूसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर से संवाद बनाए रखें और किसी भी प्रकार की समस्या के निवारण के लिए उन्हें अवगत करवाएं। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी आनी नरेश वर्मा को निर्देश जारी किए कि अगर किसी पोलिंग पार्टी को किसी भी प्रकार की समस्या पेश आती है, तो उसका तुरंत समाधान करना सुनिश्चित करें। चुनावी प्रक्रिया से संबंधित किसी प्रकार की समस्या का अगर कोई समाधान नहीं होता है, तो सीधे उनसे संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारी चुनावी प्रक्रिया को पूर्ण सत्यनिष्ठा के साथ संपन्न करवाने में सहयोग करेंगे। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी आनी नरेश वर्मा ने भी चुनाव आयोग के दिशा निर्देश, मतदान शुरू करने, मतदान समाप्त करने और ईवीएम के परिवहन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने लोकसभा चुनाव के राजकीय डिग्री कॉलेज आनी के हरिपुर और राजकीय माध्यमिक पाठशाला निगान में स्थित स्ट्रांग रूम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में आयोजित की जा रही ईवीएम कमिशनिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम का दौरा कर विभिन्न निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने निगान स्थित पोलिंग बूथ बीएलओ से विभिन्न मामलों पर फीडबैक लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर, विभिन्न पीठासीन अधिकारी, अतिरिक्त पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।