संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत रावीं के गांव ढाड़ी में नवयुवक मंडल ढाड़ी की ओर से आयोजित द्वितीय स्वर्गीय परमानंद पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र वॉलीबाल के लिए जाना जाता है। इस खेल को जीवंत रखने के लिए उन्होंने युवक मंडल को बधाई दी। रोहित ठाकुर ने कहा कि खेलकूद गतिविधियां जहां आजकल की पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित करती हैं, वहीं मनुष्य का सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने कहा कि ढाड़ी के सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने नवयुवक मंडल को खेल आयोजन के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, जिला परिषद सदस्य कौशल मूंगटा, स्थानीय पंचायत प्रधान सुधीर पनाटू, बीसीसी उपाध्यक्ष यशवंत जस्टा, निदेशक हिमफेड भीम सिंह झोहटा, उपमंडलाधिकारी राजीव सांख्यान, नवयुवक मंडल अध्यक्ष पुनीत पनाटू, सचिव मोहित सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।