शिक्षा मंत्री ने सड़क के कार्य का भूमि किया भूमि पूजन, 30 लाख की लागत से निर्मित सीएचसी भवन का शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के अधीन 18.30 करोड़ से स्तरोन्नत की जाने वाली खड़ापत्थर-पटसारी सड़क के कार्य का भूमि पूजन किया। 19 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चौड़ा और पक्का कर लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने इसी योजना के तहत 2,800 करोड़ रुपये की राशि पूरे प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई थी, जिसमें से विधानसभा क्षेत्र को एक भी पैसा स्वीकृत नहीं हुआ था। उन्होंने कहा विकास एक निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए 61 सड़कों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इसमें कुछ सड़कों का निर्माण कार्य जारी है जबकि कई सड़कों के निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। दिसंबर माह के अंत तक सभी सड़कों के निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विशेष राहत पैकेज के तहत विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावितों के लिए सबसे ज्यादा राशि स्वीकृत की गई है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। शिक्षा मंत्री ने कायना में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले सामुदायिक भवन का भी किया शिलान्यास किया। उन्होंने कहा ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़कों का निर्माण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, गुणात्मक शिक्षा, कम वोल्टेज और पेयजल की समस्या को खत्म करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम जुब्बल राजीव संख्यान, बीडीओ जुब्बल करण, जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस गुमान सिंह, मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य भीम सिंह जोहटा, जुब्बल महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीता चौहान, कोटखाई महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ठाकुर सहित कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।