कोटखाई के कलबोग में जलकर राख हुआ दो मंजिला मकान
कोटखाई (रोहड़ू)। उपमंडल के अंतर्गत कलबोग में मंगलवार सुबह दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला पाया है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितों को फाैरी राहत प्रदान की। जानकारी के अनुसार दो मंजिला मकान मंदीप और भूपिंद्र पुत्र मोहनलाल का था। मकान गांव से कुछ दूरी पर था। यहां पर कोई नहीं रहता था।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने मकान से धुंआ उठते हुए देखा। आसपास के ग्रामीणों ने मकान में लगी आग काे बुझाने का प्रयास किया। लोगों ने पावर स्प्रेयरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटे इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लकड़ी से बना मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना का सूचना अग्निशमन केंद्र को भी दी थी लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही मकान जलकर राख के ढेर में तबदील हो चुका था।
प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार कलम सिंह चौहान ने टीम के साथ मौके का जायजा लिया। प्रशासन ने अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपति के नुकसान का अनुमान लगाया है। नायब तहसीलदार कलम सिंह चौहान ने बताया कि प्रभावितों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।