संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण नौ दिसंबर तक चलाया जा रहा है। यह अभियान 68-किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रो पर नियुक्त अभिहित अधिकारियों/बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर तोरूल एस रवीश ने प्रेस को जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनकी आयु एक जनवरी, 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी होगी और नागरिक संबंधित क्षेत्र का निवासी हो, ऐसे सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए नौ दिसंबर तक प्रारूप-6 पर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वर्तमान मतदाता सूचियों में कोई भी नागरिक अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि वेबसाइट http://ceohimachal.nic.in में भी कर सकते हैं।