संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में बुधवार को मासिक धर्म स्वास्थ्य दिवस और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अन्वेषा, हेमलता, शारदा और विजय मोहन ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सभी छात्राओं को बिना किसी हिचकिचाहट के मासिक धर्म से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या को माता-पिता से साझा करने के लिए कहा। डॉ. अन्वेषा ने बच्चों को टीबी के लक्षणों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और पौष्टिक आहार का सेवन करने के लिए कहा। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य संजीव राणा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान नारा लेखन और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कनिष्ठ वर्ग की नारा लेखन प्रतियोगिता में अभय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में जमा दो की छात्रा हिमानी ने प्रथम स्थान पाया। पोस्टर बनाने प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सातवीं कक्षा के छात्र अनमोल ने प्रथम स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में दसवीं की छात्रा एंजल प्रथम रही। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर नवाजा गया।