संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। गोवा में आयोजित नेशनल गेम्स में बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने वाले आशीष नेगी का पैतृक गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आशीष नेगी मूलत: किन्नौर जिले के कटगांव की रहने वाले हैं। उन्होंने इससे पहले भी कई पदक हासिल किए हैं। आशीाष नेगी बुधवार को जैसे ही बेई में पंहुचे तो उनका और उनके कोच विजय नेगी का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कई वाहनों के काफिले से वे काफनू पंहुचे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में उनके सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आशीष ने इसी साल कजाकिस्तान में इंटरनेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था। आशीष नेगी ने पदक को अपने माता पिता के गले में पहनाया। इस मौके पर नेगी ने कहा कि उन्हें उनके गांव के लोगों ने जो सम्मान दिया है, उसके लिए वे सदा आभारी रहेंगे। भविष्य में और उम्दा प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर किन्नौर जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, किनफेड उपाध्यक्ष कमल किशोर, पंचायत प्रधान शकुंतला बिष्ट, उपप्रधान श्रवण नेगी और पूर्व प्रधान संज्ञा डोलमा बिष्ट सहित अन्य मौजूद रहे।