हादसे में घायल पर्यटक को आईजीएमसी शिमला किया रेफर, जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस, क्यूआरटी और एनडीआरएफ की टीम ने चलाया अभियान
एनएच पांच पांगी नाला से कड़छम तक सतलुज के किनारे सर्च ऑपरेशन में नहीं मिला कोई सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिले के पांगी नाले में पेश आए सड़क हादसे में लापता तमिलनाडु के पर्यटक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। हादसे के बाद वाहन समेत सतलुज में यह पर्यटक लापता हो गया है। सोमवार को जिला जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस, क्यूआरटी और एनडीआरएफ के जवानों ने सतलुज के किनारों में लापता की तलाश की लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी। वहीं हादसे में घायल दूसरे पर्यटक को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। हादसे में कालका ग्रास बने चालक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। गौर हो कि रविवार दोपहर जिले के पांगी नाले में एनएच पांच से एक कार सड़क से नीचे सतलुज में जा गिरी थी। इस हादसे में एक पर्यटक पहाड़ी में छिटका गया था, जबकि चालक और एक अन्य पर्यटक वाहन समेत सतलुज में जा गिरे थे। हादसे की सूचना मिलते के बाद टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। करीब चार घंटे सर्च ऑपरेशन के बाद चालक का शव सतलुज से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान तेंजिन दोर्जे (26), निवासी गांव ताबो, तहसील स्पीति, जिला लाहौल स्पीति के तौर पर हुई है। वहीं दूसरे पर्यटक की तलाश अभी भी जारी है। हादसे में घायल हुए पर्यटक गोपीनाथ (33), पुत्र सेल्वराज, 66, एसके पलायम, वेल्लाकोविल, वेल्लाकोइल, तिरुप्पुर, तमिलनाडु को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ से सोमवार को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। सतलुज में डूबे पर्यटक वेट्री दुरईसामी (45), पुत्र एस दुरईसामी, पता नंबर 28, द मैन रोड, सी आईटी नगर, नंदनम, चेन्नई, तमिलनाडु की तलाश अभी भी जारी है। कार्यवाहक एसपी किन्नौर नवीन जाल्टा ने बताया कि लापता पर्यटक को तलाशने के लिए दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभी तक लापता का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।