सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की सांगला तहसील के अंतर्गत सोमवार को जेएसडब्ल्यू परियोजना ने जिला उद्यान विभाग के सौजन्य से ग्राम पंचायत सापनी में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर में उपनिदेशक जिला उद्यान विभाग डॉ. प्रमोद शाह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने शिविर में मौजूद बागवानों को बागवानी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई। उन्होंने कहा कि हमें सेब की गुणवत्ता एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए उच्च घनत्व पौधरोपण तकनीक को अपनाना होगा। अभी प्रदेश का प्रति हेक्टेयर उत्पादन काफी कम है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने वर्तमान में चल रही उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। शिविर में बागवानों ने बगीचों में आ रही समस्याओं और बीमारियों के बारे में चर्चा की। शिविर में पांच दर्जन से अधिक बागवानों ने भाग लिया। शिविर के अंत में ग्राम पंचायत प्रधान कृष्णा देवी ने उद्यान विभाग और जेएसडब्ल्यू परियोजना के अधिकारियों का शिविर आयोजित करने पर आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर लगाने का विभाग और परियोजना से आग्रह किया। इस मौके पर उद्यान विकास अधिकारी खंड सांगला डॉ. हरमन सिंह, उद्यान विकास अधिकारी खंड कल्पा डॉ. राजेश कुमार, उद्यान विस्तार अधिकारी कड़छम हरीश नेगी, गणेश दत्त और दीवान सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।